banner

केंद्रीय बारानी कृषि अनुसंधान संस्थान में हिंदी पखवाड़ा–2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ


भा.कृ.अनु.प.–केंद्रीय बारानी कृषि अनुसंधान संस्थान, हैदराबाद में मंगलवार को हिंदी पखवाड़ा–2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने राजभाषा हिंदी के महत्व को रेखांकित करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों के साथ-साथ वैज्ञानिक एवं तकनीकी गतिविधियों में भी हिंदी के सहज एवं प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

डॉ. सिंह ने भारतेंदु हरिश्चंद्र की प्रसिद्ध पंक्ति “निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल” का उल्लेख करते हुए कहा कि अपनी भाषा की उन्नति ज्ञान और समाज की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि कृषि अनुसंधान से विकसित ज्ञान, तकनीकों और नवाचारों को किसानों तथा अन्य हितधारकों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने में हिंदी सहित भारतीय भाषाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

निदेशक महोदय ने संस्थान द्वारा दिनांक 25 सितंबर 2026 को आयोजित की जाने वाली हिंदी तकनीकी संगोष्ठी के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसी संगोष्ठियाँ वैज्ञानिक एवं तकनीकी ज्ञान को हिंदी में अभिव्यक्त करने, विषय-विशेष की उपयोगी जानकारी को व्यापक वर्ग तक पहुँचाने तथा वैज्ञानिक

समुदाय में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने संस्थान के वैज्ञानिकों, अधिकारियों एवं अन्य कार्मिकों से संगोष्ठी में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा अपने वैज्ञानिक एवं तकनीकी कार्यों को हिंदी में प्रस्तुत करने का आह्वान किया।

समारोह में डॉ. अर्चना पाण्डेय, सहायक निदेशक (राजभाषा), डीआरडीओ, रक्षा मंत्रालय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन और कार्यालयीन कार्यों में इसके व्यावहारिक एवं सहज प्रयोग पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने वैज्ञानिक एवं तकनीकी विषयों को सरल और बोधगम्य हिंदी में प्रस्तुत करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि राजभाषा का वास्तविक विस्तार उसके नियमित प्रयोग और अधिकारियों-

कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता से ही संभव है। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ। इसके पश्चात संस्थान के निदेशक, विशिष्ट अतिथि, हिंदी पखवाड़ा आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर हिंदी पखवाड़ा–2026 का विधिवत

उद्घाटन किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोरंजन कुमार ने स्वागत उद्बोधन में विशिष्ट अतिथि एवं उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों का स्वागत किया तथा हिंदी पखवाड़े के उद्देश्यों एवं इसके अंतर्गत आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी से प्रतियोगिताओं एवं अन्य कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।

उद्घाटन सत्र के उपरांत हिंदी पखवाड़े की पहली गतिविधि के रूप में अंताक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ‘सुरवीर’, ‘गीतांजलि’, ‘झंकार’, ‘तराना’ और ‘सरगम’ नामक पाँच टीमों के रूप में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न रोचक चरणों में प्रतिभागियों ने हिंदी गीत-संगीत के अपने ज्ञान, स्मरणशक्ति और गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गीतों की धुन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता से सभागार में उल्लासपूर्ण वातावरण बना रहा।

उद्घाटन समारोह एवं अंताक्षरी प्रतियोगिता का संचालन और समन्वय एस. के. आनंद, सहायक निदेशक (राजभाषा) ने किया। हिंदी पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत आगामी दिनों में संस्थान में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन आयोजनों का उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रति रुचि और सहभागिता बढ़ाने के साथ-साथ प्रशासनिक, वैज्ञानिक एवं तकनीकी कार्यों में हिंदी के सहज, सरल और प्रभावी प्रयोग को प्रोत्साहित करना है।